जिले के डार्कजोन में तालाब बनाकर बारिश का पानी भरकर भूगर्भ जल स्तर बढ़ाने की कवायद शुरू हो गई है। तालाब किसानों को खुद बनवाने होंगे। इसके लिए सरकार 50 फीसदी सब्सिडी देगी। इन तालाबों में किसान मत्स्य पालन भी कर सकेंगे।
भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम वर्मा ने बताया कि जिले में 165 तालाब प्रदेश में वर्षा जल संचयन हेतु खेत में तालाब की योजना फेस-2 के तहत बनाए जाएंगे। यह योजना बुलंदेलखंड में पहले से ही चल रही है और अब शासन ने बुलंदशहर के छह ब्लॉकों को और शामिल किया है।
तालाब बनवाने के इच्छुक किसान भूमि संरक्षण अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। योजना के तहत 22 गुणा 20 गुणा तीन मीटर के तालाब खुदवाने पर एक लाख पांच हजार की लागत आएगी।
इसके लिए शासन 50 फीसदी सब्सिडी यानि 52 हजार 500 रुपये किसान को देगी। सब्सिडी की राशि तालाब बनवाने वाले किसान के खाते में सीधे ट्रांसफर करवाई जाएगी। तालाब बनवाने के इच्छुक किसानो को भूमि संरक्षण अधिकारी से संपर्क करना होगा।
इन ब्लॉकों में बनेंगे तालाब
तालाब गुलावठी, सिकंदराबाद, बीबीनगर, दानपुर, खुर्जा और शिकारपुर ब्लॉक में बनेंगे। इनमें गुलावठी और सिकंदराबाद ब्लॉक अति दोहित श्रेणी में आते हैं जबकि बीबीनगर, दानपुर, खुर्जा और शिकारपुर क्रिटिकल श्रेणी में है।