छह शिक्षण संस्थानों का आईटीआई परीक्षा कराने से इंकार
- अब 12 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, लगभग 6500 परीक्षार्थी होंगे शामिल
- परीक्षा को नकल रहित करवाने के लिए डीएम ने लगाई परीक्षा केंद्रों पर मुहर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। आईटीआई की सेमेस्टर परीक्षा करवाने से छह शिक्षण संस्थानों ने इंकार कर दिया है। इसका कारण विगत वर्षों में आईटीआई की परीक्षा में नकल उजागर होना है। उनका तर्क है कि वह परीक्षा में होने वाली बदनामी नहीं चाहते हैं। इसके चलते अब 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी और इसमें लगभग 6500 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इस बार आईटीआई की सेमेस्टर परीक्षा छह अगस्त से शुरू हो रही है। परीक्षा 16 अगस्त तक जारी रहेगी। परीक्षा को नकल रहित करवाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बरती है, साथ ही कई कड़े आदेश भी जारी किए हैं। बावजूद इसके परीक्षा में नकल होने की भी आशंका जताई जा रही है। परीक्षा करवाने के लिए पहले 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, लेकिन छह शिक्षण संस्थानों ने परीक्षा करवाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उनका तर्क है कि आईटीआई की परीक्षा में विगत वर्षों में नकल के मामले सामने आए और उस समय जिन शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था उनकी बदनामी होने के साथ कई तरह के आरोप-प्रत्यारोप झेलने पड़े थे। इसलिए वह आईटीआई की परीक्षा करवाने में असमर्थ हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा को नकल रहित करवाने के लिए डीएम अनुज कुमार झा ने भी अंतिम मुहर लगा दी है। सरकारी आईटीआई सहकारी नगर के प्रधानाचार्य और परीक्षा के नोडल अधिकारी अब्दुल्ला सलमान ने बताया कि अब परीक्षा 12 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा को नकल रहित करवाने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
ये हैं बनाए गए परीक्षा केंद्र
- आईटीआई की सेमेस्टर परीक्षा के लिए एसबीएमटी पीजी कालेज बुलंदशहर, आर्य कन्या इंटर कालेज बुलंदशहर, डीएवी इंटर कालेज बुलंदशहर, राजकीय इंटर कालेज बुलदशहर, डीएन इंटर कालेज गुलावठी, आर्य कन्या इंटर कालेज गुलावठी, एसएमजेईसी इंटर कालेज खुर्जा, आईपी पीजी कालेज बुलंदशहर, आदर्श सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कालेज खुर्जा, महादेवी अयोध्यानाथ इंटर कालेज खुर्जा, तेजराम शर्मा इंटर कालेज छपरावत और जेएएस इंटर कालेज खुर्जा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।