धान बिक्री के लिए किसानों को कराना होगा आनलाइन पंजीकरण
- सरकार द्वारा बनाए जाने वाले केंद्रों पर हो सकेगी खरीद
- 25 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगी पंजीकरण प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। धान के सीजन में धान खरीदने के लिए शासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शासन के आदेश पर फिलहाल किसानों को आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद निर्धारित किए जाने वाले केंद्रों पर किसान धान बेच सकेंगे।
गेहूं खरीद प्रक्रिया की तरह अब शासन द्वारा धान खरीद की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। योजना के तहत फिलहाल 25 जुलाई से 31 अगस्त तक किसानों से आनलाइन पंजीकरण कराने का आह्वान विभाग ने किया है, जबकि एक अक्तूबर वर्ष 2018 से 31 जनवरी वर्ष 2019 तक विभिन्न केन्द्रों पर धान खरीद की प्रक्रिया की जाएगी। आनलाइन पंजीकरण कराने के लिए किसानों को आधार कार्ड, खसरा-खतौनी, बैंक पासबुक व दो फोटो लेकर साइबर कैफे या जनसेवा केन्द्रों पर पहुंचना होगा। सरकारी क्रय केन्द्र पर किसानों का धान 1750 रुपये और उच्च किस्म के धान का दाम 1770 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश चंद्र सागरवाल ने बताया कि सरकारी केन्द्रों पर धान बिक्री के लिए किसानों को आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए 31 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन चालू रहेंगे।