कैसे आरामदायक हो सफर... 300 किमी सड़क अब भी जर्जर
- अफसरों और विधायकों के निरीक्षण में हुआ खुलासा
- शासन के आदेश पर कुल 972 किलोमीटर सड़कों का किया गया था निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
जिले की सड़कों के निरीक्षण के दौरान योगी सरकार की गड्ढा मुक्त अभियान की पोल खुलकर सामने आ गई है। शासन के आदेश पर अफसरों और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए निरीक्षण में जिले की 300 किमी सड़कें खस्ता हाल मिली हैं। निरीक्षण की रिपोर्ट अफसरों ने शासन को भेज दी है। शासन ने जून माह में लोक निर्माण विभाग के अफसरों को जिले की सभी सड़कों के निरीक्षण के आदेश दिए थे। आदेशों के तहत अफसरों को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ सड़कों का निरीक्षण कर स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजनी थी। एक सप्ताह तक चली निरीक्षण प्रक्रिया में अफसरों ने जिले की कुल 972.731 किमी सड़क का निरीक्षण किया। कुल 70 अफसरों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान जिले में 291.095 किमी सड़कों की हालत काफी जर्जर मिली। 664.31 किमी सड़क की हालत संतोषजनक पाई गई है। अफसरों ने निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
निरीक्षण में खुली गड्ढा मुक्त अभियान की पोल
अफसरों के निरीक्षण में शासन के गड्ढा मुक्त अभियान की पोल खुलकर सामने आ गई। जिले की कुल 427 सड़कों में से करीब 150 सड़कें गड्ढा मुक्त अभियान के बाद भी जर्जर हालत में पाई गईं। इसके चलते राहगीरों को आने जाने में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आए दिन होते हैं हादसे
सड़कों पर गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। बीते दिनों सिकंदराबाद में बाइक का पहिया गड्ढे में फंसने के कारण बाइक से गिरी महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
सड़कों की स्थिति जानने के लिए कराया गया था निरीक्षण
शासन ने जिले में सड़कों की स्थिति जानने के लिए निरीक्षण कराने के आदेश दिए थे। अब लोक निर्माण विभाग के अफसरों की रिपोर्ट के आधार पर शासन द्वारा जर्जर सड़कों की दशा बदलने के लिए कार्य किया जाएगा। जिससे लोगों को सडक़ों की खराब हालत से राहत मिलेगी।
कोट
शासन के आदेश पर 427 सड़कों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में 291.095 किमी की सड़कें संतोषजनक नहीं पाई गई हैं। रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दी गई है। शासन के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डीके तिवारी, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग