गेहूं क्रय केंद्र पर बारदाना खत्म, तौल न होने से किसान परेशान
गुलावठी। स्थानीय नवीन मंडी स्थित सहकारी संघ के गेहूं क्रय केंद्र पर बारदाना खत्म होने के कारण तीन दिन से तौल नहीं हो रही है, जिससे किसान परेशान हैं। सोमवार को अनेक किसान अपना गेहूं लेकर क्रय केंद्र पर पहुंचे, लेकिन केंद्र प्रभारी ने यह कहकर उन्हें लौटा दिया कि गेहूं तौलने के लिए बारदाना नहीं है।
किसानों मनवीर सिंह ग्राम नूरपुर, जसरथ सिंह ग्राम बरमदपुर, महेंद्र सिंह ग्राम नूरपुर, सुंदर सिंह ग्राम नूरपुर आदि का कहना था कि वे तीन दिन से गेहूं तुलवाने की बाट जोह रहे हैं, परंतु केंद्र प्रभारी द्वारा बारदाना न होने की बात कहकर गेहूं नहीं तौल जा रहा है। गेहूं न तुलने से किसानों में भारी नाराजगी है। कई किसानों का तो यह भी कहना है कि शायद खरीद लक्ष्य पूरा होते देख गेहूं न तौलने के बहाने ढूंढे जा रहे हैं। परंतु केंद्र प्रभारी अनिल कुमार त्यागी का कहना है कि उन्होंने बारदाने की डिमांड की हुई है। शनिवार को बारदाना खत्म हो गया था। शीघ्र बारदाना पहुंचने की संभावना है। केंद्र प्रभारी ने बताया कि केंद्र पर अब तक करीब 11 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है, जबकि लक्ष्य 12 हजार क्विंटल का है।