तेज रफ्तार कार ने बच्चे को कुचला, मौत
- मां के साथ स्कूल से लौट रहा था आठ वर्षीय हर्ष
- सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गुलावठी।
गुलावठी-बुलंदशहर के बीच हाईवे पर ग्राम बराल के निकट मां के साथ स्कूल से लौट रहे बच्चे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र हर्ष (8) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन काफी देर बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। ऐसे में स्थानीय लोग प्राइवेट कार से बच्चे को लेकर अस्पताल रवाना हुए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई।
ग्राम बराल निवासी छात्र हर्ष राणा पुत्र शिवकुमार राणा हाईवे स्थित एक विद्यालय में नर्सरी में पढ़ता था। हर्ष की मां भी विद्यालय में टीचर हैं। विद्यालय की छुट्टी होने पर वह अपनी मां के साथ बस से घर लौट रहा था। गांव पहुंचकर जब वे बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेजी से आ रही एक कार ने हर्ष को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि 100 नंबर पर पुलिस को फोन किया गया, लेकिन पुलिस काफी देर तक नहीं पहुंची। इसके बाद वह लोग हर्ष को प्राइवेट कार में लेकर जिला अस्पताल गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद कार चालक कार को लेकर भाग गया।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
हर्ष की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया है। हादसे से गांववासी भी शोकाकुल हैं। छात्र हर्ष अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। आसपास के लोगों ने बताया कि हर्ष बेहद चंचल और कुशाग्र बच्चा था।
न एंबुलेंस पहुंची, न पुलिस... चली गई हर्ष की जान
गुलावठी। सरकार की महत्वाकांक्षी 108 एंबुलेंस सेवा और 100 नंबर सेवा का हाल जिले में बुरा है। बुधवार को गुलावठी क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद 100 नंबर पर सूचना दी गई थी, लेकिन न तो पुलिस पहुंची और न ही एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जा सकी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बराल चौकी के निकट हादसा हुआ था। जिसके बाद 100 नंबर और 108 पर सूचना दी गई, लेकिन करीब एक घंटे तक न पुलिस पहुंची और न ही एंबुलेंस पहुंच सकी थी। जिसके बाद स्थानीय लोग व परिजन गंभीर रूप से घायल आठ वर्षीय हर्ष को प्राइवेट कार से अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अगर समय रहते हर्ष को अस्पताल पहुंचा दिया गया होता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। एसओ गुलावठी हरिओम सिंह ने बताया कि 100 नंबर पर कोई सूचना नहीं मिली थी। सूचना आने पर समय रहते सुविधा उपलब्ध करा दी जाती है। ब्यूरो