बारिश में भीगा गेहूं तो नपेंगे केंद्र प्रभारी
- डीएम ने गेहूं क्रय केंद्रों की समीक्षा के दौरान जारी किए आदेश
- आननफानन में केंद्र की व्यवस्था सुधारने में जुटे प्रभारी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। गेहूं क्रय केंद्रों पर खुले में रखे अनाज के भीगने पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए डीएम ने अफसरों के साथ बैठक कर आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही डीएम ने अफसरों को समयावधि में किसानों को भुगतान के निर्देश भी दिए हैं।
डीएम अनुज कुमार झा ने मंगलवार देर शाम अफसरों के साथ गेहूं खरीद की समीक्षा की। इस दौरान अफसरों ने डीएम को बताया कि सात मई तक 65346 एमटी गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसके सापेक्ष क्रय केंद्रों से 52950 एमटी गेहूं को गोदामों में पहुंचाया जा चुका है। डीएम ने केंद्र प्रभारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी हालत में गेहूं बारिश में भीगना नहीं चाहिए। यदि गेहूं बारिश में भीगा तो इसके लिए केंद्र प्रभारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी। किसानों को गेहूं का भुगतान करने में हो रही देरी के लिए डीएम ने अफसरों को फटकार लगाते हुए तीन दिन के अंदर किसानों के खाते में धनराशि पहुंचाने के आदेश दिए। डीएम ने एडीएम वित्त को आदेश जारी करते हुए किसानों के समय से भुगतान की व्यवस्था के निर्देश दिए।