निजी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं का होगा निशुल्क अल्ट्रासाउंड
- शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने की तैयारी
- सीएचसी-पीएचसी पर माह में एक दिन कैंप के दौरान मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अब जिले के निजी अस्पतालों में ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड करा सकेंगी। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत शासन ने गर्भवती महिलाओं को लाभ देने के लिए योजना बनाई है। प्रत्येक माह सीएचसी-पीएचसी पर आयोजित कैंप के दौरान एक दिन इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
जिले की अधिकांश जनसंख्या गरीबी रेखा से नीचे ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन यापन करती है गरीबी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कई ऐसी गर्भवती महिलाएं हैं जो समय पर अल्ट्रासाउंड नहीं करा पाती हैं। बाद में प्रसव के समय उन्हें कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता है। ऐसी महिलाओं की समस्या का समाधान करते हुए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना शुरू की है। इस योजना के तहत ग्रामीण गर्भवती महिलाओं को निजी अस्पतालों में भी अल्ट्रासाउंड कराने की सुविधा नि:शुल्क दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने में जुट गया है। जानकारी के अनुसार गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर जांच के लिए हर माह की नौ तारीख को सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पतालों में विशेष कैंप लगाया जाता है। इस कैंप में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जांच की जाती है। अब ऐसी महिलाओं को योजना का लाभ निजी अस्पतालों में भी मिल सकेगा। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को निजी अस्पतालों में नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की जानी है। इसके लिए शासन के आदेश पर अस्पतालों की सूची शासन को भेज दी है।