राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेसियों ने रखा उपवास
- दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के लिए सरकार को ठहराया जिम्मेदार
- जिला व शहर कांग्रेस की ओर से राजेबाबू पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पास एकत्रित हुए कांग्रेसी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर सोमवार को एक दिवसीय उपवास रखा। राजेबाबू पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंडित सुभाष गांधी ने कहा कि दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान भाजपा शासित केंद्र व राज्य सरकारों ने इस दिन हिंसा रोकने का कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे भारत बंद के दौरान कई लोगों की जान चली गई और राष्ट्रीय संपत्ति का भी नुकसान हुआ। शहर अध्यक्ष मुनीर अकबर ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां देश के माहौल को खराब करना चाहती हैं, जबकि शांति एवं सौहार्द दुनिया में भारत की पहचान है। पीसीसी सदस्य सच्चिदानंद गौड़ ने कहा कि भारत बंद के दौरान हुई घटना ने सामाजिक ताने बाने को बिगाड़ने के लिए बहुत खतरनाक है। पूर्व विधायक बंसी पहाड़िया ने कहा कि ऐसे मुश्किल वक्त में हम सब कांग्रेसियों का यह दायित्व बनता है कि हम आपसी सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखें। जिला पंचायत सदस्य सुनील चरौरा ने समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट रखने के लिए सार्थक कदम उठाने की अपील की। इस दौरान चौधरी नरेंद्र सिंह, हर्षवर्धन बाल्मीकि, संजय शर्मा, अब्दुल सिद्दीकी, जमना प्रसाद शर्मा, संजीव पहाड़िया, निजाम मलिक, सुहैल, राकेश चौधरी, शकी अहमद, साबिर, रेखा शर्मा, कल्याण सिंह, धर्म सिंह, आरपी गुप्ता, नरेंद्र शर्मा और अनोखे लाल शर्मा आदि मौजूद रहे।