डीएम के आदेश के बाद भी बीएसए ने नहीं करवाई एफआईआर
- गांव मसौता और ताजपुर बिरौड़ी में दो माह से मिड-डे-मील वितरण न करने का मामला
- डीपीआरओ की जांच रिपोर्ट के बाद डीएम की ओर से की जा चुकी है कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव मसौता और ताजपुर बिरौंडी के परिषदीय स्कूलों में मिड-डे-मील वितरण न होने की शिकायत पर डीएम ने दोनों प्रधानों के पतियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के आदेश दिए थे। लेकिन, बीएसए ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने इस बाबत डीएम को अवगत कराने की बात कही है।
गांव मसौता और ताजपुर बिरौंडी के परिषदीय स्कूलों में दो माह से मिड-डे-मील का वितरण नहीं होने की शिकायत पर 24 फरवरी को डीएम ने दोनों गांव के प्रधानों के अधिकार सीज करते हुए उनके पतियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। चार दिन बीत जाने के बाद भी बीएसए ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है। जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह का कहना है कि ग्राम प्रधानों के खिलाफ विभागीय स्तर से कार्रवाई की जा चुकी है। जबकि बीएसए की ओर से प्रधानों के पतियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। इसकी अब तक कोई सूचना भी नहीं दी गई है। इससे वह डीएम को अवगत करवाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि डीएम के आदेश पर प्रधानों के पतियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी। रिपोर्ट दर्ज करवाने से पहले उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। इसके लिए एक रिपोर्ट बाकी रह गई है, जबकि दोनों स्कूलों के एमडीएम से संबंधित खाते को स्कूल की समिति से अटैच कर दिया गया है। इस मामले में दोनों गांव के राशन डीलरों से जवाब मांगा जा रहा है कि उसकी दुकान से मध्याह्न भोजन के लिए कितना राशन उपलब्ध करवाया गया। पूरी जानकारी लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।