नुमाइश के बाहर दुकान लगाने पर असमंजस बरकरार
- मंगलवार को नगर पालिका की टीम पहुंची अतिक्रमण हटाने
- सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए शाम तक सभी दुकानों को हटाने के आदेश
- पालिकाध्यक्ष बोले कमेटी की दुकानें हटने के बाद लगवाएंगे दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
नुमाइश मैदान के बाहर प्रदर्शनी की दुकानें लगाने को लेकर अब भी असमंजस बरकरार है। नगर पालिका अध्यक्ष अपने ठेके से दुकानें लगाने की बात कर रहे हैं तो प्रशासनिक अधिकारी किसी भी पक्ष द्वारा दुकानें न लगाने के आदेश दे चुके हैं। मंगलवार को कमेटी द्वारा लगाई जा रही दुकानों को हटाने के लिए पालिका की टीम पहुंची तो सिटी मजिस्ट्रेट ने शाम तक दुकानें हटाने के आदेश दिए हैं।
नुमाइश मैदान के बाहर स्थित सड़क पर लंबे समय से नुमाइश की दुकानें लगती आई हैं। इनसे नुमाइश के ठेकेदार द्वारा ही वसूली की जाती रही है। अब नगर पालिका अध्यक्ष ने उक्त जमीन को अपनी बताते हुए दुकानें लगाने का विरोध दर्ज कराते हुए खुद ही ठेका उठाया है। हालांकि नगर पालिका ने 12.70 में ठेका जारी कर दिया है, लेकिन अब भी दुकानें लगाने को लेकर खींचतान बनी हुई है। मंगलवार को जब नगर पालिका की टीम नुमाइश मैदान के बाहर कमेटी द्वारा लगाई जा रही दुकानों को हटाने पहुंची तो मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने उक्त दुकानों को शाम तक हटाकर प्रदर्शनी मैदान के अंदर ही लगाने के आदेश दिए हैं। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका अध्यक्ष कमेटी की दुकानें हटाकर उक्त जमीन पर खुद दुकान लगवाने का दावा कर रहे हैं। पालिकाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि कमेटी द्वारा अवैध तरीके से दुकानें लगवाई जाती हैं। कमेटी की दुकानों को हटवाकर ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर दिए जाएंगे। वहीं प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी मैदान के बाहर न तो प्रदर्शनी ठेकेदार और न ही नगर पालिका द्वारा दुकानें लगाई जाएंगी। इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
अब तक ठेकेदार ने जमा नहीं की धनराशि
नगर पालिका ने जिला प्रदर्शनी मैदान के बाहर दुकानें लगाने के लिए 12.70 लाख की बोली लगाने वाले नवाब के नाम पर ठेका जारी किया है। ठेका जारी होने के चार दिन बाद भी ठेकेदार ने अब तक बोली की धनराशि जमा नहीं की है। ठेकेदार नवाब का कहना है कि कार्यादेश जारी होने तक धनराशि जमा नहीं की जाएगी।