एडीएम के निरीक्षण में अस्पताल में फिर मिलीं खामियां
फोटो समाचार
- सुधार के आदेश, कार्रवाई के दिए संकेत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला अस्पताल के नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन ने सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान जिला अस्पताल में कई खामियां नजर आईं। नोडल अधिकारी ने जिला अस्पताल में नव निर्मित सड़क का निर्माण मानकों के अनुसार न होने पर नाराजगी जाहिर की है।
सरकारी चिकित्सालयों में स्टाफ द्वारा लापरवाही बरतने के मामले लगातार सामने आ रहे है। डीएम ने जिला अस्पताल के लिए प्रति सप्ताह निरीक्षण के लिए एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र को नोडल अधिकारी नामित किया था। आदेशों के तहत सोमवार को जिला अस्पताल में एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र ने औचक निरीक्षण के दौरान सभी बिंदुओं पर जांच की। साथ ही अस्पताल के प्रत्येक वार्ड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान एडीएम ने दवाओं के स्टाक, उपचार संबंधी जानकारी कर मरीजों से भी पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान नव निर्मित सड़क का निर्माण मानकों के अनुसार न होने पर नाराजगी जता अफसरों से पूछताछ की। एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां मिली हैं। इन्हें दूर करने के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं। फिर निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।