हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे गांव और नगर
- महाशिवरात्रि के लिए तैयारियों का दौर अंतिम चरण में
- आज एवं कल धूमधाम से मनाई जाएगी महाशिवरात्रि
- जगह-जगह लगे भंडारे व शिविरों से माहौल हुआ भक्तिमय
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर/अनूपशहर/गुलावठी/शिकारपुर/औरंगाबाद/जहांगीराबाद/अहार/ नरसेना। महाशिवरात्रि दो दिन होने से शिवभक्तों के साथ जिले भर के शिव मंदिरों में तैयारियां जोरों पर है। सोमवार को नगर के विभिन्न शिवालयों में सजावट व मंदिरों के आस पास के इलाकों में साफ सफाई का दौर चलता रहा। हरिद्वार, गोमुख एवं अन्य स्थानों से कांवड़ लेने गए शिवभक्तों के लौटने से गांव, नगर व शहर हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हो गए। मंगलवार व बुधवार को हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे शिवभक्त सपरिवार बाबा का जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान जगह-जगह भंडारे और शिविर लगाकर प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
सोमवार को ठंड और हल्की बूंदाबांदी के बाद भी शिवभक्त कांवड़ियों के उत्साह में कमी नहीं आई। अनूपशहर गंगातट बम भोले के जयकारों से गुजांयमान रहे। महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवलिंग का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने लगे हैं, जिसके चलते गुलावठी में पूरे दिन कांवड़ियों की बम-बम भोले की गूंज रही। कांवड़ियों की सेवा के लिए स्थानीय बड़ा महादेव मंदिर में शिविर का आयोजन किया गया है। कांवड़ियों की सेवा में पुरुषौत्तम चौधरी, अशोक कंसल, राजेश अग्रवाल, प्रदीप शर्मा मौजूद रहे। शिकारपुर में सोमवार की शाम से लेकर मंगलवार तक शिवालयों में शिवलिंग का जलाभिषेक किया जाएगा। शिव भक्तों के स्वागत, खानपान और विश्राम के लिए क्षेत्र में जगह-जगह भंडारे लगाए गए। शिकारपुर क्षेत्र के गांव दरवेशपुर, तैयबपुर, पहाड़पुर हवेली, और नगर में करीब एक दर्जन स्थानों पर कांवड़ सेवा शिविरों में भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें कांवड़ियों ने प्रसाद पाया और विश्राम किया। आहार में अंबकेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार की सुबह से शिवभक्तों की लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई। हरिद्वार, गौमुख एवं अन्य स्थानों से शिव कांवड लेकर आए शिवभक्तों ने गंगा स्नान कर जलाभिषेक कर भोले शंकर पर बेल पत्र, धतूरा आदि चढ़ा पूजा की। मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम गिरी ने बताया कि प्राचीन काल में महादेव के शिवलिंग को पांडवों ने स्थापित किया था। इसके बाद से पूजा अर्चना का दौर चल रहा है। औरंगाबाद में बालका मोड़, मूढ़ीबकापुर मोड़ के सामने, लखावटी पीजी कालेज परिसर में, चरौरा मुस्तफाबाद, इस्माइला गांव में विशाल भंडारे लगे हुए हैं। भंडारों में शिवभक्तों के रूकने के लिये व खाने जलपान की सही व्यवस्था की गई है। वहीं, डिबाई क्षेत्र के कर्णवास के प्राचीन सिद्ध पीठ भूतेश्वर महादेव, विहारघाट में वन खंडेश्वर महादेव, नगर के काले मंदिर, कैलाश ज्ञान मंदिर, पथवारी देवालय, पत्थर वाला मंदिर, चामुण्डेश्वर, महादेव मंदिर, संकट मोचन मंदिर आदि पर बिजली की झालरों से भव्य रोशनी की कई है।
बुधवार तक बंद रहेंगी मीट की दुकानें
सिकंदराबाद। महाशिवरात्रि के चलते कस्बे में बुधवार तक मीट की दुकानें, होटल बंद रहेंगे। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल गिरीश कुमार कोटिया ने बताया कि महाशिव रात्रि के चलते नगर के सभी मीट व्यापारियों, को बुधवार तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखने वही मांस परोसने वाले होटलों को मांस नहीं परोसने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ियों की सुविधा को किया डावर्जन
नरौरा। रामघाट गंगा तट पर कांवड़ भरने वाले शिव भक्तों की भीड़ के बढ़ने से रामघाट अलीगढ़ मार्ग पर पैदल कांवड़ियों की सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने नरौरा से वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया है। साथ ही वाहनों के अंदर प्रवेश पर रोक लगा दी है। रामघाट मेले में तहसीलदार हीरालाल सैनी अधीनस्थों के साथ व्यवस्थाओं में जुटे हैं। एसओ आनंद गौतम ने बताया कि मेले में भीड़ निरंतर बढ़ रही है। अतिरिक्त फोर्स रामघाट पहुंच रहा है। मेले में मेला कोतवाली, खोया पाया केंद्र व मेडीकल केंप स्थापित हैं। एसओ नरौरा महेन्द्र सिंह ने बताया कि रामघाट मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव बढ़ने पर कांवड़ियों की सुुविधा व सुरक्षा के मददेनजर नरौरा से रामघाट होकर अतरौली-अलीगढ़ जाने वाले वाहनों को नरौरा के पं.दीनदयाल चौराहे से वाया डिबाई रूट डायवर्ट किया गया है।
जाम से जुझ रहे लोग
डिबाई/दानपुर। तहसील के निकट निरंतर सड़क मार्ग पर कांवड़ियों का आवागमन जारी है। वाहनों के आवागमन से महादेव चौराहे व पैंठ चौराहे पर दिन में कई बार जाम लगा। हाईवे पर चौड़ीकरण के चलते महादेव चौराहे पर निर्माणधीन पुलिया पर काम के चलते जाम लगा। लोगों के अनुसार पुलिसकर्मी के नहीं होने के चलते अक्सर लगे जाम में लोग फंसे रहते हैं। यदि मौके पर पुलिकर्मी रहता तो यातायात सुचारु रहता।