डीएम की पहल पर शहर में वेंडिंग जोन शुरू
बुलंदशहर। डीएम की पहल पर चिन्ह्ति किए गए चार वेंडिंग जोन में से एक वेंडिंग जोन का संचालन सोमवार से शुरू कर दिया गया है। डीएम की पहल से शहर का मुख्य चौराहा अंसारी रोड अब जाम से मुक्त हो गया है। साथ ही पुरानी जेल परिसर पर लगे वेंडिंग जोन में ठेली, खोमचे वाले भी काफी खुश हैं।
डीएम ने शहर को जाम से मुक्त करने के लिए वेंडिंग जोन बनाने के आदेश दिए थे। इसके लिए डीएम ने शहर में पुरानी जेल परिसर, डीएवी तिराहा के नीचे तथा मोती बाग में वेंडिंग जोन लगाने के आदेश दिए थे। सोमवार को पुरानी जेल परिसर पर वेंडिंग जोन का शुरू कर दिया गया है। वेंडिंग जोन में अंसारी रोड तथा अस्पताल रोड पर अवैध रूप से खड़े होने ठेली, खोमचे और रेहड़ी आदि को अस्थाई तौर पर पुरानी जेल परिसर में वेंडिंग जोन बनाकर जगह चिन्ह्ति कर दी गई है। वेंडिंग जोन में दुकानदारों को बिजली व पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस बाबत नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि डीएम की पहल पर अस्थाई तौर पर वेंडिंग जोन बनाया गया है।