ससुराल व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत
- परिजनों के मुताबिक, जहर खाकर की आत्महत्या
- पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा
- मौत का कारण स्पष्ट न होने पर पुलिस ने किया बिसरा प्रिजर्व
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेतलपुर भांसौली स्थित ससुराल आए एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या करने की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर बिसरा प्रिजर्व कर लिया है।
जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ के आलमपुर निवासी रवि (36) का विवाह करीब 14 साल पहले खेतलपुर भांसौली निवासी एक महिला से हुआ था। रवि चार बच्चों का पिता था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रवि शुक्रवार शाम ससुराल आया था। देर रात उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन को मिली जानकारी के मुताबिक, रवि ने ससुराल में ही जहर खाया था जिससे उसकी मौत हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की पुष्टि न होने पर बिसरा प्रिजर्व कर लिया है।