11 माह से रद्द खुर्जा-मेरठ पैसेंजर चलाने की मांग
-दैनिक यात्रियों ने रेलवे स्टेशन गेट पर किया प्रदर्शन
खुर्जा जंक्शन। पिछले 11 माह से रद्द खुर्जा-मेरठ पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग को लेकर दैनिक यात्रियों ने रविवार को स्टेशन के गेट पर प्रदर्शन किया। यात्रियों ने कहा कि ट्रेन के न चलने से उन्होंने काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को पत्र भेज कर पैसेंजर सेवा फिर से शुरू करने की मांग की है।
खुर्जा-मेरठ पैसेंजर से रोजाना सैकड़ों यात्री सफर करते थे। कारोबार के सिलसिले में अधिकांश व्यापारियों का रोजाना आना जाना लगा रहता है। लेकिन महीनों से पैसेंजर ट्रेन रद्द होने के कारण लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। किसी तरह लोग बसों और अन्य साधनों से सफर पूरा करने को मजबूर हैं। कई बार शिकायत और प्रदर्शनों के बाद भी केएम पैसेंजर का संचालन शुरू नहीं हो पाया। यहां तक कि कुछ यात्रियों ने रेल मंत्रालय और पीएमओ को ट्वीट कर समस्या की शिकायत भी की थी। ट्वीट के बाद रेलवे मंत्रालय ने मुरादाबाद डिवीजन और इलाहाबाद डिवीजन को फारवर्ड कर संबंधित अधिकारियों को समस्या का समाधान कराने का निर्देश भी दिया था। लेकिन उसके बाद भी अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। दैनिक यात्री विरेंद्र, अमित आदि ने बताया कि बस से अथवा अन्य साधनों से सफर करने के कारण जहां उनकी जेब पर भारी पड़ रहा है वहीं समय भी अधिक लग जाता है। ऐसे में रविवार को जंक्शन स्टेशन गेट पर एकत्रित होकर दैनिक यात्रियों ने प्रदर्शन किया और पैसेंजर ट्रेन चलवाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में ट्विंकल, राजू, विकास, प्रेमवीर, रिंकू, राजीव आदि रहे।