स्वतंत्रता दिवस पर नहीं बंटेंगे लड्डू
- एएसडीएम ने जारी किए सभी स्कूलों को निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर स्कूलों में बच्चों को इस बार लड्डू या अन्य रंगों वाली मिठाइयों का वितरण नहीं किया जाएगा। शासन के आदेशानुसार इस बार स्कूलों में बिस्कुट या फलों का वितरण होगा। अपर उप जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
मिलावटखोरी व बच्चों की सेहत को ध्यान को रखते हुए इस बार शासन ने स्वतंत्रता दिवस पर खुली मिठाइयों का वितरण न करने के आदेश दिए हैं। आदेश के अनुपालन में अपर उप जिलाधिकारी व प्रभारी अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शिक्षा विभाग के अफसरों को आदेश जारी किया है कि स्कूलों में बच्चों को अच्छी क्वालिटी के बिस्कुट और फल दिए जाएं। यदि कोई भी ऐसी मिठाई बांटी गई, जिसमें रंगों का प्रयोग होता है तो संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एएसडीएम हिमांशु गुप्ता ने बताया कि शासन के आदेशानुसार स्कूलों में रंगों वाली मिठाई का वितरण नहीं होने दिया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।