संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। यू-डायस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं का डाटा भरने में स्कूल लापरवाही बरत रहे हैं। अभी तक 1349 स्कूलों ने डाटा नहीं दिया है। इस लापरवाही पर विभाग की ओर से कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं, डाटा अपलोड करने में बीबीनगर का कार्य शतप्रतिशत हो गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि इस समय सभी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं का यू-डायस पर डाटा अपलोड हो रहा है। जिले में संचालित 4021 स्कूलों में से 1349 स्कूलों ने अभी डाटा भरा नहीं हैं। स्कूलों ने अभी तक 3,51,325 बच्चों का डाटा अभी तक पोर्टल पर भरा गया है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले स्कूलों को निर्देश जारी कर एक सप्ताह के भीतर डाटा भरने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि स्कूलों द्वारा अब कार्य नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। बताया गया कि 16 ब्लॉक के कुल 4021 स्कूलों में 7,64,357 बच्चे पिछले वर्ष पढ़ाई कर रहे थे तो इनका डाटा फिर से फीड होना है। बीएसए ने यह भी बताया कि यू-डायस पर डाटा अपलोडिंग के कार्य में बीबीनगर में 100 प्रतिशत कार्य कर लिया गया है। इसके अलावा अरनियां में 99.50 और गुलावठी में 94.48 फीसदी कार्य हो चुका है। सबसे कम कार्य खुर्जा नगर क्षेत्र में 32.20, डिबाई नगर क्षेत्र में 36.73 और शिकारपुर में 36.74 हुआ है।