संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। सड़कों की जर्जर स्थिति से परेशान लोगों ने सदर विधायक प्रदीप चौधरी से शिकायत की। शिकायत के आधार पर जब विधायक ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि सड़क में एक-एक फीट तक गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इसके चलते मौके से लोगों का गुजरना दूभर हो गया है। साथ ही ई-रिक्शा, छोटी गाड़ियां भी फंस रही है। सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने बताया कि गांव ढकौली के लोगों ने शिकायत की थी कि ढकोली-मालागढ़ रोड की हालत काफी खराब है। करीब एक साल पहले ही लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण किया गया था, लेकिन इस बारिश के सीजन में ही सड़क में एक-एक फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। इसके चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। मौके पर मौजूद सुनील कुमार ने विधायक से मांग की कि सड़क निर्माण की जांच कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाए, साथ ही सड़क की स्थिति को सुधारा जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।