संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। भीषण गर्मी में बिजली की जरूरत बढ़ने के साथ क्षेत्र में लगातार होने वाली विद्युत ट्रिपिंग और अघोषित कटौती ने लोगों को बेहाल कर रखा है । ऐसे में विद्युत सप्लाई चालू होने के बावजूद उपकरण नहीं चल पाते हैं। इसके अलावा गर्मी में दोपहर के वक्त अधिकांश समय कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
खुर्जा में सोमवार को बिजली घर नंबर-पांच और कालिंदी कुंज फीडर पर सुबह छह बजे से 11 बजे तक और दोपहर एक बजे से तीन बजे तक कटौती बनी रही। इसके अलावा दोपहर में दो या तीन घंटे ही सप्लाई मिल सकी, इसमें ट्रिपिंग ने लोगों को परेशान कर दिया। उपभोक्ता गोलू का कहना है कि रात के समय प्रत्येक दस मिनट में कट लगता रहता है। ऐसे में इन्वर्टर बैटरी भी चार्ज नहीं होती है। वहीं फ्रिज, कूलर और पंखे भी नहीं चल पाते हैं। गर्मी में फ्रिज नहीं चलने के कारण खाद्य वस्तुएं खराब हो रही हैं। वहीं खुर्जा जंक्शन रेलवे रोड निवासी आकाश ने बताया कि दिन में करीब दस से 12 घंटे की कटौती का सामना करना पड़ रहा है। बीते तीन माह से ऊर्जा निगम के लोग केवल मरम्मत कार्य के नाम पर शटडाउन ले रहे हैं। मगर अभी तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है।