बुलंदशहर। जिले की सातों तहसीलों में आचार संहिता का पालन कराने के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में 11-11 सदस्यों की टीम का गठन किया गया है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। साथ ही नियमित रूप से चेकिंग करते हुए धन, बल, शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाएं।
जिले की सात तहसीलों में आचार संहिता का पालन कराने की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम को दी गई है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से एसडीएम के साथ 11-11 अधिकारियों की टीम बनाई गई है। इसमें पुलिस-प्रशासन के साथ निकायों के अधिकारी, थाना प्रभारी, बिजली निगम के अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम का गठन करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शहर-कस्बों के मुख्य चौराहों, मार्गों के साथ शहर में प्रवेश और निकास के स्थानों पर सघन चेकिंग चलाई जाए, ताकि किसी भी हाल में चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले सफल न हो सकें।
आचार संहिता का पालन कराने के लिए गठित टीमें बैंकों से कैश निकासी, वांछित बदमाशों को पकड़ने, शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर नजर, नियमित चेकिंग, मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने समेत अन्य बिंदुओं पर नजर रखेगी।
सभी तहसीलों में एसडीएम के नेतृत्व में सीओ, तहसीलदार, संबंधित खंड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, ऊर्जा निगम के एसडीओ, कोतवाली प्रभारी के साथ थानाध्यक्षों को चिन्हित कर ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान मौजूद रहकर आवश्यक कार्रवाई करें।
-अधिकारियों के नाम और नंबर-
तहसील - एसडीएम - नंबर
बुलंदशहर -डॉ.दिव्या मिश्रा- 9454416727
सिकंदराबाद- रेनू- 9454416729
स्याना -डीपी सिंह- 9454416733
खुर्जा -कमलेश गोयल -9454416728
डिबाई -दीपक कुमार पाल -9454416731
शिकारपुर- प्रियंका कुमारी- 9454416730
अनूपशहर- नवीन कुमार- 9454416732
- इस प्रकार है कार्यक्रम -
नोटिफिकेशन जारी - 28 मार्च
नामांकन करने की अंतिम तारीख – 04 अप्रैल
नामांकन पत्रों की जांच – 05 अप्रैल
नाम वापसी का अंतिम दिन – 08 अप्रैल
मतदान – 26 अप्रैल
मतगणना – 04 जून
-मतदाताओं की संख्या -
कुल मतदाता – 26,44,250
पुरुष मतदाता – 13,86,129
महिला मतदाता – 12,58,027
अन्य मतदाता – 94
सर्विस मतदाता – 11,969
दिव्यांग मतदाता – 20,207
85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता – 17,789
कुल मतदान केंद्र 1498
कुल मतदेय स्थल – 2876
सभी तहसीलों में अधिकारियों की तैनाती एसडीएम के निर्देशन पर की गई है। प्रभारी अधिकारियों के सहायक भी नामित किए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराना प्राथमिकता में है। -सीपी सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी।