उझानी (बदायूं)। दिवाली मनाने घर लौट रहे दो युवक रोडवेज बस में जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गए। उन्हें बेहोशी की हालत में रोडवेज बस का परिचालक बाईपास पर उतारकर चला गया। राहगीरों ने देखा तो सूचना पुलिस को दी। युवकों के पास थैले में पुराने कपड़ों के अलावा कोई और सामान नहीं मिला। दोनों बरेली और शाहजहांपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बेहोशी की हालत में दोनों युवक बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे अर्बन हॉस्पिटल के पास मिले। गांव बरामालदेव निवासी एक ग्रामीण ने दोनों को सड़क किनारे पड़ा देखा तो सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दोनों बात करने की स्थिति में नहीं थे। उनके पास पुलिस को थैला तो मिला, लेकिन उसमें पुराने कपड़ों के अलावा कोई सामान नहीं था। जेब में पर्स या फिर नकदी भी नहीं निकली। हालत में सुधार न होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में दोपहर के समय दोनों को मामूली होश आया तो एक ने खुद को बरेली जिले का प्रेमपाल पुत्र देवीदास और दूसरे ने शाहजहांपुर जिले का सुनील पुत्र अजयपाल बताया है। बरेली और शाहजहांपुर में दोनों किस जगह के रहने वाले हैं, यह वे नहीं बता पाए। रोडवेज बस में दोनों को जहरखुरानी गिरोह ने नशीली वस्तु खिलाकर शिकार बना लिया था। जेबें खाली मिलने से शक है कि नकदी आदि का लूट लिया गया है।