आसफपुर। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव दासपुर में शनिवार दोपहर दूसरे समुदाय के युवकों ने 10 साल के किशोर को खेत में बंधक बना लिया। तलाश को निकले पिता व ग्रामीणों को किशोर रस्सी से बंधा मिला। उसे बंधन मुक्त कराकर थाने ले गए। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस की जांच में मामला मारपीट का निकला है। पिता ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
गांव दासपुर निवासी मुनीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा रजनेश (10) शनिवार दोपहर खेत पर गया था। जब वह घर नहीं लौटा, तब उसकी तलाश शुरू की गई। वह ग्रामीणों के साथ खेत पर पहुंचे तो रजनेश की रोने की आवाज सुनाई दी। वह मौके पर पहुंचे तो वहां चार युवकों ने उसे रस्सी से बांध रखा था। ग्रामीणों को आते देख चारों आरोपी भागने लगे। इसमें से दो आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उन्हें थाने में सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की है। जांच में मामला मारपीट का निकला है। आरोप है कि सभी आरोपी पाठकपुर के रहने वाले दूसरे समुदाय के है। मुनीश का आरोप है कि आरोपी उनके बेटे को मानव तस्करी के लिए दिल्ली ले जाने की फिराक में थे। वहीं, इस घटना के बाद से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। एसओ रामेंद्र सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का है। अपहरण का आरोप निराधार है।