बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में मंगलवार को कॅरियर काउंसलिंग एवं कौशल विकास हेतु युवा विषय पर संगोष्ठी हुई।वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को अपने कॅरियर का लक्ष्य स्पष्ट रखना चाहिए।
डॉ. प्रियांक कुलश्रेष्ठ, असिस्टेंट प्रोफेसर, ग्रेटर नोएडा इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्ट्डीज ने छात्र-छात्राओं को कॅरियर निर्माण और कौशल विकास के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आज तकनीकी कौशलों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी आदि में दक्ष होना आवश्यक है। डॉ. कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सफलता के लिए सॉफ्ट स्किल्स जैसे संचार, सहयोग, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
संचालन करते हुए डॉ. ज्योति विश्नोई ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है। डॉ. प्रेमचंद चौधरी ने कहा कि कॅरियर काउंसलिंग संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षिक, व्यावहारिक और सामाजिक ज्ञान का संतुलन प्रदान करना है।
कार्यक्रम में पुस्तकालय प्रवक्ता श्रीमती शशि प्रभा (सह-संयोजक, मिशन शक्ति) ने कहा कि विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की मानसिकता रखनी चाहिए। संगोष्ठी में डॉ. दिलीप कुमार वर्मा, डॉ. रविंद्र सिंह यादव, प्रमोद कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।कार्यक्रम में वैष्णो, अमरीन, मुस्कान, साहिबा, रिया सिंह, लता यादव, कीर्ति, निधि, जागृति, प्रिया सिंह आदि छात्राएं मौजूद रहीं।