मोंगर गांव में युवक की मौत के बाद विलाप करते परिवार वाले। संवाद
- फोटो : BADAUN
सिलहरी (बदायूं)। आंवला-बदायूं रोड पर सालारपुर आईटीआई के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से 28 वर्षीय गिरीश पटेल की मौत हो गई, जबकि उनका बड़ा भाई गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। सिविल लाइंस पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव मोंगर निवासी गिरीश पटेल खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का गुजारा कर रहा था। 22 दिसंबर की रात गिरीश पटेल और उनके बड़े भाई गुड्डू पटेल अपने पिता को शहर में खाना देकर बाइक पर घर लौट रहे थे। उस दौरान वह हेलमेट लगाए थे। रास्ते में आईटीआई कॉलेज के नजदीक सामने से तेज रफ्तार में आए वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार वाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत देखकर गिरीश को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इससे परिवार वाले उन्हें अलीगढ़ और बाद में लखनऊ ले गए। हायरसेंटर ले जाने के दौरान रविवार रात गिरीश की मौत हो गई। हादसे के संबंध में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली हैै। पुलिस ने सोमवार दोपहर गिरीश के शव का पोस्टमार्टम करा दिया।