बिल्सी। दीपावली पर पटाखे लेकर घर लौट रहे गांव अंबियापुर निवासी एक बाइक पर सवार तीन युवकों को छोटा हाथी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में अर्चित (22) की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शेखपुर चौराहे के पास हुई।
अंबियापुर निवासी होतीराम ने बताया कि उनका इकलौता बेटा अर्चित अपने साथी सुमित और पारस के साथ रविवार रात करीब पौने नौ बजे एक ही बाइक से पटाखे लेकर घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कछला-शाहबाद हाईवे पर स्थित शेखपुर चौराहे के पास पटाखा बाजार से निकलते ही विपरीत दिशा से आ रहे छोटा हाथी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों हेलमेट नहीं लगाए थे।
मौके पर पहुंचे लोगों ने ई-रिक्शा से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अर्चित की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दीपावली पर जवान बेटे की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, सीओ आलोक सिद्दू ने बताया कि छोटा हाथी और बाइक की टक्कर हुई थी, जिसमें एक युवक की मौत हुई है। बिल्सी पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है।