मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कोतवाल को देकर कार्रवाई की मांग
रामपुर में सरेराह दो युवतियों से छेड़छाड़ और घटना की वीडियो बनाकर उसे वायरल कर देने के विरोध में यहां भी लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। क्षत्रिय युवा महासभा के नेता की अगुवाई में कई युवकों ने जुलूस निकाल कर रामपुर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार करने की मांग को लेकर चौराहे पर प्रदर्शन भी किया।
दोपहर में जुलूस निकालते हुए घंटाघर चौराहे पर पहुंचे युवकों ने रामपुर कांड को लेकर गुस्से का इजहार करते हुए लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। बोले- ऐसी घटनाओं ने खासकर लड़कियों के अंदर असुरक्षा का माहौल बना दिया है। रामपुर में जिस तरह से युवकों ने सरेराह युवतियों से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं, उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उनके खिलाफ पुलिस को उसी वक्त ठोस कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन पुलिस ने तब कार्रवाई की जब वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद भी पुलिस छेड़छाड़ कर रहे अधिकतर युवकों को पकड़ने में नाकाम रही है। पुलिस के आलाधिकारियों को हस्तक्षेप कर ठोस कदम उठाने चाहिए।
क्षत्रिय युवा महासभा के नगर महामंत्री अनिल सोलंकी समेत प्रदर्शनकारियों ने रामपुर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में युवकों के प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल को ज्ञापन दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में उन्होंने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक से मिलने वाले युवकों में विष्णु सोलंकी, शुभम राठौर, मोनू शर्मा, शवाब अलाम उर्फ मुन्ना, शैलेंद्र नागर, छत्रपाल वार्ष्णेय, गोपाल चौहान, रिषभ माहेश्वरी और विकास पुरी शामिल रहे।