आज पौधरोपण का बनाया जाएगा वर्ल्ड रिकार्ड, तैयारियां पूरी
जनपद के प्रभारी मंत्री नहीं जिले के राज्यमंत्री ओमकार करेंगे शुभारंभ
शुरूआत मालपुर ततेरा के जंगल में पौधरोपण से होगी
बदायूं में एक दिन और एक समय में ही पौधरोपण का वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को जिले में इसकी शुरूआत मालपुर ततेरा के जंगल में एक कार्यक्रम आयोजित कर की जा रही है। पहले इस कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री रामकरन आर्य को रखा गया था लेकिन अब जिले के ही सहसवान निवासी ग्राम्य विकास राज्य मंत्री ओमकार सिंह को वल्र्ड रिकार्ड की बदायूं में शुरूआत को बुलाया गया है। खास बात यह है कि वर्ल्ड रिकार्ड बनाने के लिए एक शर्त के कारण ही दिल्ली के एनजीओ केपीएमजी को भी जोड़ा गया है।
यहां बता दें कि राज्य सरकार ने इस खास अभियान को लेकर बरेली और बदायूं के नोडल अफसर के रूप में सीएस सुब्बाराव को भेजा है। इन्होंने बदायूं में वनाधिकारियों से बात करने के बाद बरेली में डेरा डाल लिया है। सोमवार को वह अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। लखनऊ के एनजीओ केपीएमजी के प्रतिनिधि अमित ने यहां सामाजिक वानिकी प्रभारी समीर कुमार के साथ ननाखेड़ा में जहां पौधरोपण होना है, वहां का निरीक्षण किया और तैयारियों को जायजा लिया। सामाजिक वानिकी प्रभारी का दावा है कि जिलेभर में 64 चिह्नित क्षेत्रों में 6.37 लाख पौधों का रोपण कर विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। जबकि प्रदेश भी एक दिन में एक ही समय पांच करोड़ पौधों को रोपण कर अपना रिकार्ड बनाएगा। मुख्य कार्यक्रम मालपुर ततेरा के जंगल में होगा जहां एक लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। डीएम सीपी त्रिपाठी समेत तमाम आला अफसर भी यहां मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में जन-सहयोग की भी अपेक्षा की गई है।