बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दुकान स्वामी की लापरवाही के चलते खुले बिजली के तारों की चपेट में आकर एक मजदूर का पैर झुलस गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों को उसका झुलसा पैर काटना पड़ गया। पुलिस ने दुकान स्वामी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
डीजीपी को दिए शिकायती पत्र में बिनावर थाना क्षेत्र के गांव इकरामनगर पोगौंटिया निवासी रुबीना ने बताया कि उनके भाई सलमान को कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर सकरी निवासी आरोपी अरबाज और शादाब अपनी निर्माणाधीन दुकान पर मजदूरी कराने ले गए थे।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने खुले व नंगे बिजली के तारों के पास काम करने का दबाव बनाया, जिससे सलमान को तेज करंट लग गया। इससे उसका दाहिना पैर झुलस गया।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों को शारीरिक क्षति के चलते उसका दाहिना पैर काटना पड़ा।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने पहले इलाज का झांसा दिया और बाद में कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि आरोप के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।