बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र में सहसवान-बिसौली मार्ग पर शुक्रवार रात को सुल्तानपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक सवार युवक, उसकी मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान महिला सनोज (55 वर्षीय) की मौत हो गई।
बिसौली थाना क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी बाइक चालक घायल आकाश ने बताया कि वह शुक्रवार देर रात को अपनी मां सनोज और बहन मंजू को बाइक पर बैठाकर सहसवान से गांव जा रहे थे। सुल्तानपुर गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए और कार सवार वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान महिला सनोज की मौत हो गई। दोनों घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज किया जा रहा है। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद शव को पोस्टमॉर्टम कराया गया है। कार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर मिलने केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।