बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आमगांव में मंगलवार रात एक महिला की बीमारी से मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
आमगांव निवासी अंजू (21) की शादी वर्ष 2024 में दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव माधव बेहटा निवासी अंकुर से हुई थी। परिजन संजीव पटेल ने बताया कि अंजू शादी के बाद से ही बीमार रहती थी। उसे शुगर और बीपी की समस्या थी। उसका बदायूं मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज और बरेली में भी इलाज कराया गया था।
बुधवार रात उसकी घर पर अचानक हालत बिगड़ गई। करीब दो बजे उसकी मौत हो गई। अंजू की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। भाई राजीव कुमार ने ससुराल पक्ष पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय से बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी बहन की हालत बिगड़ती गई।
वहीं अंजू की सास कुसुमा देवी का कहना है कि शादी के बाद से ही अंजू बीमार रहती थी और परिवार की ओर से उसका लगातार इलाज कराया जाता रहा। एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण बीमारी से होना आया है। कोई तहरीर नहीं मिली है।