भांजे की शादी से लौट रहे बाइक सवार दंपति को जलालाबाद के पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पति के भी चोटें आई हैं।
कस्बे के वार्ड संख्या एक निवासी दिनेश कुमार उर्फ मुकेश गुप्ता अपनी पत्नी मीना देवी के साथ बाइक से जनपद शाहजहांपुर के कस्बा सिंधौली में भांजे की शादी में शामिल होने मंगलवार को गए थे, जहां से बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे के करीब घर लौटते समय कस्बा जलालाबाद के पास ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार दंपति घायल हो गया। इन्हें इलाज के लिए जलालाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां 48 वर्षीय मीना देवी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल दिनेश कुमार का इलाज चल रहा है। उसावां में जैसे ही रोड एक्सीडेंट की खबर आई, वैसे ही घर में कोहराम मच गया।