इस्लामनगर। झोलाछाप के इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत ड्रिप व इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
इस्लामनगर कस्बे के मोहल्ला गटिया निवासी मुन्नी (60) को शनिवार रात पेट में तेज दर्द उठा था। परिजन उसे कस्बे के ही एक झोलाछाप के पास ले गए। झोलाछाप ने महिला को इंजेक्शन लगाया। उसके बाद एक ड्रिप चढ़ाई। इससे उन्हें ठंड लगने लगी। उनकी कंपकंपी छूट गई। परिजनों ने महिला की हालत बिगड़ती देख झोलाछाप से पूछताछ की। बेटी ममता ने बताया कि झोलाछाप ने इसी दौरान एक और इंजेक्शन लगा दिया। इससे उनकी मां बेहोश हो गई। महिला के बेहोश होते ही झोलाछाप ने परिजनों को दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर भेज दिया। इस बीच झोलाछाप अपने सहयोगी की मदद से मुन्नी को बाइक से उनके घर ले गया। वहां घर के चबूतरे पर मुन्नी को छोड़कर भाग निकला। जब परिजन झोलाछाप की दुकान पर पहुंचे तो भाग गया था। इसके बाद परिजन घर गए। जहां मुन्नी की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने झोलाछाप की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने महिला का शव पोस्टमॉर्टम को भेजा। बेटी ममता ने झोलाछाप के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर इस्लामनगर विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।