कादरचौक। दूज का टीका करने मायके जा रही महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। महिला के बेटे ने बताया कि अचानक सामने गाय के आने से तेज ब्रेक लेने से घटना हुई। महिला के छह बच्चे हैं। मां की मौत से बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव गफ्फार नगला निवासी हीराकली (45) अपने पुत्र अजय के साथ मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे भाई दूज मनाने मायके गभियाई नगला जा रही थीं। रास्ते में ककोड़ा के पास अचानक गाय सड़क पर आ गई। उससे बचने के लिए बाइक चला रहे बेटे अजय ने जैसे ही ब्रेक लगाया तो मां हीराकली बाइक से सड़क पर गिर गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहन के मायके पहुंचने का इंतजार कर रहे भाई व अन्य परिजनों को जब खबर मिली तो उनकी खुशियां मातम में बदल गईं। त्योहार के दिन हुए हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।मृतका के पुत्र अजय ने बताया कि उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। महिला की मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।