बिनावर। घटपुरी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात मालगाड़ी से कटकर एक महिला की मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। देर रात शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। बृहस्पतिवार शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी।
बरेली-कासगंज रेलवे रूट से बुधवार रात दस बजे मालगाड़ी गुजर रही थी। तभी अचानक सलवार सूट पहने करीब 50 वर्षीय महिला मालगाड़ी के सामने आ गई। उसकी मौके पर ही कटने से मौत हो गई। महिला ने आत्महत्या की है या फिर कोई अन्य कारण है, इसकी छानबीन पुलिस कर रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। लोको पायलट की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई और महिला के शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हुई। इस पर शव को जिला मुख्यालय भेजकर मोर्चरी में रखवा दिया गया। रेलवे पुलिस शव की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। संवाद