म्याऊं। तीन साल पहले व्यापार के लिए उधार दिए रुपये वापस मांगना एक महिला को महंगा पड़ गया। आरोप है कि रुपये मांगने से नाराज आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर लात-घूंसों और डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट में महिला को चोटें आईं हैं। दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उसावां थाना क्षेत्र के अभिगांव निवासी विनीता पत्नी तुलाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसने गांव के ही गुड्डू पुत्र साधू को व्यापार करने के लिए 70 हजार रुपये उधार दिए थे। गुड्डू ने जल्द रुपये वापस करने का भरोसा दिया था। काफी समय बीतने के बाद भी रुपये वापस नहीं मिलने पर विनीता कई बार तकादा कर चुकी थीं।
आरोप है कि नौ सितंबर को विनीता रुपये मांगने गुड्डू के घर पहुंचीं। तब गुड्डू ने शाम तक रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। उसी दिन शाम करीब छह बजे गुड्डू छह लोगों के साथ विनीता के घर पहुंच गया और मारपीट कर दी। आरोपियों ने आइंदा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली।
मारपीट में घायल विनीता ने उपचार कराने के बाद थाने पहुंचकर गुड्डू, पिंटू और अर्जेश पुत्रगण साधू, साधू, राजवीर पुत्र चेतराम तथा अनोज पुत्र राजवीर के खिलाफ तहरीर दी। सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के संबंध में जांचकर कार्रवाई की जाएगी।