उझानी में बिजली के तार बदलते लाइनमैन। संवाद
उझानी। गर्मी के दिनों में बिजली का लोड बढ़ने के मद्देनजर खस्ताहाल तारों को बदले जाने का काम शुरू हो गया है। रविवार सुबह शटडाउन लेकर वेस्ट फीडर के पांच खंभों के तार अपराह्न तक बदल दिए गए। इस कारण आसपास के नौ गांवों में छह घंटे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रही।
बाइपास स्थित संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पास वेस्ट फीडर से जुड़े पांच खंभों के तार बदले जाने का काम प्रात: करीब 10 बजे शुरू हुआ। बिजली निगम में कार्यदायी संस्था आरडीएसएस की देखरेख में काम शुरू किए जाने से पहले शटडाउन लिया गया। इसके बाद पांचों खंभों के बीच के तार अपराह्न करीब तीन बजे तक बदल दिए गए। उपकेंद्र के एसएसओ रजनीश कुमार ने बताया कि काम तो पहले ही शुरू कर दिया गया था, लेकिन उस वक्त रोस्टरिंग थी। शटडाउन इसके बाद लिया गया।
वेस्ट फीडर से रियोनइया, बुटला, छतुइया, धर्मपुर, पीयरखंदना आदि नौ गांव जुड़े हैं। तार बदले जाने की वजह से इन सभी गांवों में करीब छह घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही। बता दें कि इससे पहले आरडीएसएस कंपनी की ओर से कुछ अन्य इलाकों में भी बिजली के खस्ताहाल तारों को बदले जाने का काम पूरा किया जा चुका है।
आने वाले दिनों में देहात क्षेत्र के कुछ और इलाकों में भी तार बदले जाने हैं। एसएसओ के मुताबिक- गर्मी के दिनों में घरेलू और व्यवसायिक इस्तेमाल में बिजली की खपत बढ़ जाती है। अधिक लोड की वजह से तार भी टूट पड़ते हैं। इसलिए गर्मी की शुरूआत से पहले ही तार बदले जाने की कार्रवाई शुरू की गई है।