सीडीओ बोले, कुपोषण की दर में कमी लाने के लिए जन जागरूकता जरूरी
प्रदेश में राज्य पोषण मिशन की स्थापना कुपोषण की दर में कमी लानेे के लिए की गई है। गर्भवती महिलाओं एवं दो वर्ष तक के बच्चों में कुपोषण की दरों को कम करने के लिए विभिन्न धर्म गुरुओं के माध्यम से जन जागरूकता पैदा की जाएगी।
गुरुवार को विकास भवन स्थित सभा कक्ष में सोशल मोबिलाइजेशन नेटवर्क, यूनीसेफ के तत्वावधान में मुख्य विकास अधिकारी प्रताप सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें ऑल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य डॉ. यासीन उस्मानी, आचार्य वेदव्रत आर्य, सरदार रामचंद्र सिंह, कारी हसीमुद्दीन सहित अन्य धर्म गुरुओं की मौजूदगी मेें कुपोषण के खिलाफ जंग का ऐलान किया गया। सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि जिस प्रकार सभी के सहयोग से पोलियो का सफाया किया गया, ठीक उसी आधार पर कुपोषण मिटाने को अभियान चलाया जा रहा है। कुपोषण की शुरुआत गर्भकाल से ही होती है, इसलिए गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, पौष्टिक आहार और दवाइयां उपलब्ध कराकर कुपोषण की समाप्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. यासीन उस्मानी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की कमी के कारण लाभदायक सुझाव समझने में कुछ समय अवश्य लगता है, लेकिन एक दिन अपने स्वास्थ्य के फायदे की बात अवश्य समझ में आ जाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मशीनरी कार्य करती रहे, हम सब उनके साथ हैं, जहां आवश्यकता हो उन्हें ले जाया जाए, वह लोगों को समझने का कार्य करेंगे।
बैठक में कुपोषण की शुरूआत और उसके भयावह आंकड़ों के संबंध में भी बताया गया। कुपोषण के कारण बच्चे अल्प वजन, बौनापन और दुबलेपन के शिकार होते हैं। उन्हें यह भी अवगत कराया गया कि जिला चिकित्सालय में पोषण पुर्नवास केंद्र की स्थापना की गई है, जिसमें कुपोषित बच्चों का नि:शुल्क इलाज, भोजन दिया जाता है। साथ में रहने वाले को सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दिए जाते हैं। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार, यूनीसेफ के सुभाष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
-----
29 को आएगी विशेषाधिकार समिति
बदायूं। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विशेषाधिकारी समिति 29 मई को सुबह सवा आठ बजे बजे जनपद में पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह 29 मई को अपराह्न दो बजे लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचकर रात्रि विश्राम कर 30 मई को प्रात: आठ बजे उत्तर आवास विकास परिषद मुख्यालय के लिए रवाना होंगे।