बदायूं। उधार दिए 16 हजार रुपये मांगने पर दबंग ने जान से मारने और लाश गायब करने की धमकी दी। इस मामले में पीड़िता ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला नेकपुर निवासी आयुषी पुत्री संजीव कुमार सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने आवास विकास निवासी मुकुल प्रताप सिंह को करीब एक साल पहले 16 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से ऑनलाइन उधार दिए थे। मुकुल ने छह महीने में वापस करने को कहा था, लेकिन अब तक नहीं किए। वह रुपये देने में टालमटोल करता रहा। रुपये वापस करने का दबाव डाला तो मुकुल ने शराब के नशे में गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। उसने व्हाट्सएप पर एक वीडियो भेजी, जिसमें उसके हाथ में तमंचा था। वीडियो में धमकी दी कि अगर उसने रुपये मांगे तो इसी तमंचे से उसे गोली मार देगा और लाश को गायब कर देगा। आरोप है कि उसका पिता वकील है। इससे उसकी जान को खतरा बना हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।