मुजरिया में गर्मी से त्रस्त बच्चों ने नहाकर यूं आनंद लिया। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। अधिकतम तापमान शनिवार को एक बार फिर 47 डिग्री के पार हो गया। आने वाले तीन दिन तक अधिकतम तापमान में कमी आने का अनुमान कम ही है। हालांकि, 15 जून के बाद भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 47.6 और न्यूनतम 37.2 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
मई के अंतिम सप्ताह से ही अधिकतम तापमान 42 से 46 डिग्री के बीच झूल रहा है। इस दौरान कई बार अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार भी हो जा रहा है। भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। 19 मई और छह जून के बाद एक बार फिर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार हो गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम ने बताया कि शनिवार को भारतीय मौसम विभाग के आंकड़ों से लगता है कि रविवार और सोमवार को भी अधिकतम तापमान 47 डिग्री से ज्यादा रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी आसामान्य रूप से इजाफा होगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 15 जून से मौसम में कुछ बदलाव आएगा। इस दौरान बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हवाओं के साथ बौछार हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। 20 जून से मानसूनी बारिश भी शुरू होने का अनुमान है।
-
दिल की धड़कन अनियमित कर सकती है धूप, रहें सावधान
भीषण गर्मी में हीट स्ट्रोक होने की आशंका बनी रहती है। हीट स्ट्रोक से शरीर का तापमान बढ़ जाता है और डीहाइड्रेशन हो जाता है। हीट स्ट्रोक के कारण इलेक्ट्रोलाइट अनियमित हो जाते हैं जो हार्ट पर इफैक्ट करते हैं। इससे धड़कने भी बैलेंस में नहीं रहती हैं। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. सुरेश चंद्र नौगरिया का कहना है कि जहां तक हो सके धूप में घर से न निकलें। यदि निकलना है तो धूप से बचने के उपाय कर लें और पानी खूब पीयें। एक सामान्य आदमी के लिए इस मौसम में कम से कम दो लीटर पानी पीना चाहिए, लेकिन यह मात्रा शारीरिक श्रम पर भी निर्भर करती है।
-
घर का बना खाएं
डॉक्टरों का कहना है कि खानपान को लेकर बेहद सजग रहने की आवश्यकता है। तले-भुने खाने से परहेज करें, चटपटा और बाहर के खाने से बचें। कोलड्रिंक्स समेत बाहर का गन्ने का रस व लस्सी भी नुकसानदेह हो सकती है। जहां तक हो घर में बनी सामग्री का इस्तेमाल करें। बच्चों को हर घंटे पानी पिलाते रहें।