सपा के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि जीएसटी(गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स) का सपा विरोध नहीं करेगी। सरकार ने जीएसटी पर सपा के सुझावों को मान लिया है। उन्होंने संसद में मानसूत्र सत्र को हंगामा की भेंट चढ़ने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। बोले, ऐसा नहीं होना चाहिए था।
एक मुकदमे में गवाही देने आए सपा के थिंक टैंक प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कोर्ट के बाहर मीडिया से मुखातिब होने के दौरान संक्षिप्त शब्दों में कई मसलों पर अपनी राय व्यक्त की। उन्होंने बिहार को विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुटकी ली। कहा, मंच से प्रधानमंत्री को इस तरह पैकेज की घोषणा नहीं करना चाहिए थी, लेकिन यह उनकी आदत में शुमार है। अब यूपी भी केंद्र सरकार से तीन लाख करोड़ रुपये के पैकेज की मांग करेगा। यूपी बिहार से बड़ा राज्य है। केंद्र में भाजपा की सरकार भी यूपी की बलबूते पर ही बनी है।
मंत्रियों-अफसरों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने संबंधी हाईकोर्ट के आदेश पर रामगोपाल यादव ने कहा सपा ने हमेशा समान शिक्षा की वकालत की है। उन्होंने कहा इस आदेश का पालन तभी संभव है, जब एक जैसे स्कूल हों। प्रदेश सरकार प्राइमरी शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए ठोस काम कर रही है।