बदायूं। बढ़ती गर्मी के साथ बाजार में तरबूज और खरबूज की मांग तेज हो गई है। जिले में इस बार गंगा और रामगंगा नदी के तटवर्ती इलाकों में करीब 500 हेक्टेयर रकबे में तरबूज-खरबूज की खेती की गई है। गंगा-रामगंगा के तटवर्ती क्षेत्रों की जमीन तरबूज-खरबूज के लिए काफी उपयुक्त मानी जाती है। फरवरी-मार्च में बोई गई फसल अब पूरी तरह तैयार है। किसान खेत से सीधे मंडी पहुंच रहे हैं। कई किसान शहर की सड़कों के किनारे अस्थायी दुकान लगाकर तरबूज-खरबूज बेच रहे हैं।
जिले में उझानी और उसांवा, उसहैत क्षेत्रों में तरबूज और खरबूज की खेती अधिक की गई है। इस बार उत्पादन अच्छा हुआ है। एक हेक्टेयर में तरबूज का उत्पादन 240 क्विंटल और खरबूज 180 क्विंटल तैयार होता है। थोक में तरबूज 10 से 12 रुपये किलो और खरबूज 15 से 18 रुपये किलो बिक रहा है। एक हेक्टेयर में दो ढाई लाख रुपये की तरबूज-खरबूज बिक रहे हैं।
वहीं फुटकर में इनके दाम दोगुने तक पहुंच रहे हैं। गर्मी के कारण मांग रोज बढ़ रही है, इससे किसानों को नकद भुगतान मिल रहा है। उद्यान अधिकारी श्याम कुमार गुप्ता के मुताबिक, कम लागत और 70-80 दिन में तैयार होने वाली यह फसल किसानों के लिए फायदे का सौदा है। गंगा-रामगंगा के तटवर्ती गांवों के किसान गन्ना-गेहूं के साथ तरबूज-खरबूज को नकदी फसल के रूप में अपना रहे हैं। इससे उनकी आय में सीधा इजाफा हो रहा है।