पालिका कर्मियों की लापरवाही से हाल-बेहाल, हर साल लाखों खर्च, फिर भी हाल-बेहाल
पिछले कई दिनों से शहर के छह मोहल्लों में पानी की सप्लाई ठप है। घरों में टोंटियां सूखी पड़ी हैं। शुक्रवार को नगर पालिका का टैंकर पानी लेकर शहबाजपुर मोहल्ला पहुंचा तो पानी के लिए लोगों में मारामारी मच गई। महिलाएं, बच्चे और बड़े हाथों में बाल्टियां थामे लाइन में देर तक खड़े रहे। टैंकर का पानी खत्म होने पर कइयों को खाली बाल्टी लेकर ही घर लौटना पड़ा। इधर, शहर के कुछ मोहल्लों में पानी जा भी रहा है तो पीने लायक नहीं है। शहर के मोहल्ला आदर्श नगर, पटेल नगर, महाराजनगर, बाह्मपुर, कुम्हारों वाली गली, वैदो टोला, शिवपुरम गली नंबर चार, शहबाजपुर और लोची नगला में आठ-दस दिन से समस्या बनी हुई है। इस संबंध में नगर पालिका कर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है। शहर में पानी की सप्लाई के लिए एक फिटर, 18 श्रमिक, 36 ठेका कर्मचारी, 12 स्थायी कर्मचारी और कुल 27 ट्यूबवेल हैं। इनमें 4 ट्यूबवेल खराब पड़े हुए हैं। वहीं 547 हैडपंप है, इनमें अधिकतर को रीबोर कराने की जरूरत है। शहर में नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक1094 वाटर कनेक्शन है। जोकि 10 लाख रुपये प्रति वर्ष टैक्स के रूप में देते हैं। इसके बाद भी लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
--
शहबाजपुर में हाल सबसे ज्यादा खराब: करीब पांच-छह दिन से पानी की किल्लत बनी हुई है। यहां भोर होते ही पानी के लिए लाइन लग जाती है। कई दिन से पानी के लिए जूझ रहे लोगों को लिए शुक्रवार को नगर पालिका की ओर से पानी का टैंकर भिजवाया भी गया तो पानी खत्म हो गया। ऐसे में कई लोगों को पानी नसीब न हो सका।
--
ब्राह्मपुर और कुम्हारों वाली गली का हाल: इस मोहल्ले के लोग तो तीन सौ मीटर दूर से पानी भरकर लाते हैं। लोगों ने बताया कि अधिकतर नगर पालिका की सप्लाई पर निर्भर हैं।
--
शिवपुरम कॉलोनी का हाल: इस कॉलोनी में विधायक, मंत्री, एडवोकेट और अन्य वीआईपी लोग रहते हैं, लेकिन इसके बाद भी यहां के लोगों को पानी के लिए मशक्कत उठानी पड़ती है। यहां वीआईपी तो अपना काम चला लेते हैं, लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत गरीब और मध्यम परिवार के लोगों को है।
--
आदर्श नगर और पटेल नगर की स्थिति: आदर्शनगर और पटेल नगर में नगर पालिका की ओर से करीब छह महीने से पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों को किसी तरह हैंडपंपों से गुजारा करना पड़ता है।
--
बाबूराम मार्केट: गुरुवार को बाबूराम मार्केट में हैडपंप से गंदा पानी निकला, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
--
लोगों का दर्द
शहबाजपुर की माधुरी ने बताया कि चार-पांच दिन से पानी के लिए तरस रहे हैं, लेकिन नसीब नही हो रही है। किसी तरह गुजारा किया जा रहा है।
मोहम्मद इमरान ने बताया कि इस गर्मी में पानी के बिना कौन रह सकता है। जिनकेे पास साधन है, उनका तो काम चल रहा है। जिनके पास नही है, वह मजबूर हैं।
आदर्श नगर के माधव शंखधार ने बताया कि मोहल्ले में बहुत दिनों से पानी नहीं आ रहा है। घर में समरसेविल है तो लाइट नहीं आ रही हैं। इस कारण काफी दिक्कत होती है।
बाबूराम मार्केट के पास रहने वाली अनीता ने बताया कि महीनों से हैंडपंप खराब पड़ा है। कई बार नगरपालिका में शिकायत की जा चुकी है। उसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। घर से पचास मीटर की दूरी पर जाकर पानी लाना पड़ता है।
बाबूराम मार्केट के पास रहने वाली रोशनी ने बताया कि पानी भरने के लिए घंटों नल चलाना पड़ता है। गंदे पानी के चलते बच्चों को नहाने में दिक्कत होती है।
--
जिन जगहों पर पानी नहीं जा रहा है, वो संज्ञान में नहीं हैं। इसके अलावा भी शहर का एक-एक मोहल्ला चेक करवाया जाएगा और पानी क्यों नहीं जा रहा है। इसकी जांच करा कर तत्काल समस्या का समाधान कराया जाएगा।
-निशा मिश्रा, ईओ
---------------
-नगर पालिका ईओ से कहा जाएगा कि तत्काल इस समस्या को सहीं कराएं, अभी तक मेरी जानकारी में नही था।
-अजय कुमार श्रीवास्तव, एडीएम ई