वजीरगंज। नगर पंचायत की ओर से पुसगवां रोड किनारे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें ठेकेदार पीली और दोयम ईंटें लगा रहा है।
नगर पंचायत प्रशासन की ओर से पुसगवां रोड पर 27 लाख रुपये से नाले का निर्माण कराया जा रहा है। ठेकेदार खुलेआम मानकों के दरकिनार निर्माण कार्य कर रहा है। कुछ दिन पहले हुए निर्माण में दरारें आने लगी हैं। इसको लेकर कई बार लोगों ने अधिकारियों से शिकायत भी की है। वहीं पहले भी नगर में हुए नाला निर्माण में अनियमितताएं बरतने की शिकायत हुई थी। तब बरेली आयुक्त के निर्देश पर आई टीम को निर्माण में खामियां मिलीं। इसके बावजूद ठेकेदार सुधारने का नाम नहीं ले रहा है।
अधिशाषी अभियंता शिवलाल राम का कहना है कि निर्माण में हेराफेरी की उन्हें मौखिक शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी, अगर मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं पाया गया तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।