अधिशासी अधिकारी संजय कुमार पाठक ने शुक्रवार को इस सिलसिले में पेयजल अनुभाग के कर्मियों के साथ बैठक कर हालात पर समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों ने पेयजल कनेक्शनों के बारे में जानकारी भी हासिल की। अवैध कनेक्शनों का पता लगाने के लिए अभियान के तहत नगर परिषद के कर्मचारियों की टीम बनाकर सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान अवैध कनेक्शनधारकों का भी पता लगा जाएगा। सर्वे टीम के साथ प्रत्येक मोहल्ले के पेयजल कनेक्शनधारकों की सूची भी होगी। अवैध कनेक्शनधारकों को अलग सूचीबद्घ कर सर्वे टीम के सदस्य ही ईओ को रिपोर्ट सौंपेंगे।
सफाई निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि अवैध कनेक्शनधारकों के खिलाफ कार्रवाई से पहले कनेक्शन वैध कराने के लिए उन्हें नोटिस भी भेजा जाएगा। नोटिस की अवधि के दौरान उन्होंने कनेक्शन वैध नहीं कराया तो उनसे जुर्माना वसूल करने के साथ विभागीय स्तर से कार्रवाई भी की जाएगी। बता दें कि नगर क्षेत्र में करीब 62 हजार की आबादी के वाबजूद पेयजल के वैध कनेक्शनधारकों की संख्या पांच हजार है। स्थानीय स्तर से अवैध कनेक्शनधारकों के खिलाफ पांच- छह साल पहले भी अभियान चलाया गया था। उस वक्त करीब दो सौ कनेक्शन वैध कराए गए थे।
स्प्रे मशीन से होगा मच्छरों का सफाया
उझानी। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों को मच्छरों से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार से कीटनाशक का स्प्रे कराना शुरू कर दिया। ईओ संजय कुमार पाठक और सफाई निरीक्षक संजीव कुमार ने पहले दिन इसकी शुरूआत घंटाघर चौराहे से कराई। पालिका ने तीन दर्जन स्प्रे मशीन खरीदीं हैं। प्रत्येक वार्ड में दो स्प्रे मशीन से कीटनाशक का छिड़काव कराया जाएगा। ईओ ने बताया कि स्प्रे से संक्रामक रोगों पर भी लगाम लगेगी।