बरेली रोड स्थित कोतवाली क्षेत्र के गांव बराही में कांवड़ियों का रास्ता रोके जाने पर दो पक्षों में टकराव हो गया। दोनों ओर से पथराव हुआ। बाद में गुस्साए कांवड़ियों ने दातागंज-बरेली रोड जाम कर दिया। दो घंटे तक रोड जाम रहा। मूसाझाग और दातागंज दो थानों की पुलिस ने किसी तरह से स्थिति पर काबू पाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
गुरुवार को दातागंज से बरेली की ओर जा रहे कांवड़ियों का गांव बराही में एक पक्ष के लोगों ने रोड पर चारपाई डालकर रास्ता रोक दिया। कांवड़ियों ने चारपाई हटाकर रास्ता खोला, तो दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए। इस पर दोनों ओर से पथराव हो गया। गनीमत रही कि पथराव में कोई घायल नहीं हुआ। इसके बाद कांवड़िए एकत्र होकर बराही चौकी पर पहुंचे। यहां उनसे दातागंज कोतवाली जाने की बात कह दी गई। गुस्साए कांवड़ियों ने दातागंज-बरेली रोड पर जाम लगा दिया। सीओ राजवीर सिंह, इंस्पेक्टर दातागंज जेके तोमर मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे बाद जाम खुला। मूसाझाग पुलिस को भी बुला लिया गया। बाद में व्पुलिस ने किसी तरह से मामले को रफा-रफा कर दिया।
साफ दिखी पुलिस की लापरवाही
दातागंज। बराही गांव इलाके के संवेदनशील गांवों में शुमार है। यहां कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस पिकेज की तैनाती है। गुरुवार को जब दो पक्षों में झड़प हुई तो पुलिस पिकेट मौके से नदारद थी। गनीमत रही कि बात ज्यादा नहीं बढ़ी। उससे पहले पुलिस ने स्थिति पर काबू कर लिया।