बिनावर। सोमवार सुबह एक ईंट-भट्टे पर बाइक सवार का शव मिला। मृतक की पहचान अलापुर थाने में चौकीदार राना सिंह (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने आधार कार्ड और मोबाइल के जरिए परिजनों को सूचना दी। यह मामला दुर्घटना का है या हत्या का, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
शव बिनावर कस्बे से करीब सात किलोमीटर दूर बिलहत और कुंडरा गांव के बीच लिंक रोड के किनारे एक ईंट-भट्टे पर पड़ा था। राहगीरों की नजर पड़ने पर उन्होंने बिनावर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड और मोबाइल के जरिए पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दी।
मृतक के पुत्र आकाश ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उनके पिता रविवार शाम चार बजे अपनी ससुराल लालपुर गए थे। वहां एक लग्न समारोह था। रात करीब नौ बजे वे अपने गांव बेहटा एमन लौट रहे थे। रास्ते में गांव कुंडरा और बिलहत के पास किसी दुर्घटना का शिकार हो गए। आकाश ने अपनी तहरीर में परिवार की किसी से कोई दुश्मनी होने से इन्कार किया है। राना सिंह अलापुर थाने में चौकीदार थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मृतक अपनी ससुराल से घर बाइक से लौट रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खाई में गिरने से उनकी मौत हुई है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मामला अभी भी संदिग्ध बना हुआ है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
राना सिंह के निधन से परिवार पर छाया आर्थिक संकट
मृतक राना सिंह अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई बल्लू, राजीव और रंजीत हैं। राना सिंह के छह लड़के हैं, जिनमें विकास, आकाश, राहुल, महेश, प्रेम और राम चरण शामिल हैं। उनके चार बड़े बेटे मेहनत मजदूरी करके अपने पूरे परिवार का पालन-पोषण करते हैं। राना सिंह के निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।