पंप मशीन से डीजल निकलवाते अधिकारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। खेत में पंप मशीन लगाकर डीजल की ब्रिकी करते दो लोगों को पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने पकड़ लिया। अधिकारियों ने मौके से करीब दो हजार लीटर डीजल भी जब्त किया। उसे एक पेट्रोल पंप के सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारी जांच के बाद संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का दावा कर रहे हैं।
उसहैत क्षेत्र के टिकाई पुख्ता के पास नजदीक खेत में पंप (नोजल) मशीन लगाकर डीजल की ब्रिकी की जा रही थी। वहां पर लोगों द्वारा डीजल की खरीद भी की जा रही थी। किसी ने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी कि खेत में चल रहा पेट्रोल पंप फर्जी तरीके से संचालित है। इस पर बृहस्पतिवार शाम को जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देशन में विभागीय टीम ने वहां छापा मारा।
टीम को वहां पंप (नोजल) मशीन के माध्यम से डीजल की ब्रिकी होते मिली, जिसके नीचे बाकायदा टैंक भी था। जब उन्होंने इस संबंध में संबंधित लोगों से अभिलेख मांगे, पर वह अभिलेख नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने मशीन के माध्यम से दो हजार लीटर से ज्यादा डीजल निकलवाकर वहां से बरामद किया। इसको एक पेट्रोल पंप स्वामी के सुपुर्दगी में दे दिया गया, साथ ही मशीन को अपने कब्जे में ले लिया।
कहीं मिलावट कर तो नहीं बेचा जा रहा था डीजल
अधिकारियों के अनुसार, खेत में संचालित जो डीजल पंप मिला है, विभाग ने उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। उसका किसी कंपनी से जुड़ाव था या फिर किसी पेट्रोल पंप से वह डीजल को खरीदकर लाता था। इसका पता नहीं चल सका है। अगर ऐसा था तो उसे मौजूदा रेट पर यह डीजल मिलता होगा। ऐसे में बचत करने के लिए कहीं मिलावट करके डीजल की ब्रिकी तो नहीं करता था। रिपोर्ट आने के बाद में स्थिति साफ हो सकेगी।
उसहैत क्षेत्र में एक डीजल पंप (नोजल) संचालित मिला था। संचालनकर्ता द्वारा कोई अभिलेख नहीं दिखाए गए। वहां पर टैंक में दो हजार लीटर के करीब डीजल मिला था। मशीन को जब्त करके डीजल को एक पेट्रोल पंप मालिक के सुपुर्द कर दिया है। जांच कराकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -रमन मिश्रा, डीएसओ