बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा एक व दो के छात्र-छात्राओं के लिए एनसीईआरटी की किताबों का वितरण लखनऊ में शुरू कर दिया है। अब जिले के 75 हजार छात्र-छात्राओं में किताबों का वितरण होना बाकी है। इसमें अभी आठ से दस दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
जिले के 2155 परिषदीय स्कूल में पंजीकृत कक्षा तीन से आठ तक के छात्र-छात्राओं के लिए अप्रैल में ही किताबों का वितरण कर दिया गया है। उन किताबों के माध्यम से शिक्षक छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करा रहे हैं, लेकिन तीन माह निकल जाने के बाद में भी कक्षा एक व दो के विद्यार्थियों को किताबें मुहैया नहीं हो पाईं थीं। शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान कक्षा एक व दो के कुछ छात्र-छात्राओं को एनसीईआरटी की किताबें वितरित कीं।
शिक्षा विभाग के अनुसार, आठ से दस दिन के अंदर यह किताबें जनपद को भी प्राप्त हो जाएंगी। उसके तुरंत बाद ही इनका स्कूलों में वितरण करा दिया जाएगा। इसके बाद कक्षा एक व दो के छात्र-छात्राएं पहली बार एनसीईआरटी की किताबें पढ़ेंगे। बीएसए स्वाति भारती ने बताया कि किताबों के मिलने के बाद खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से इनका वितरण कराया जाएगा।