फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: सड़क हाथ से उखड़ने पर ग्रामीणों ने जताया विरोध

विज्ञापन
उघैती में पुरदलपुर-करियामई मार्ग को हाथ से उधेड़कर दिखाते ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
उघैती। गांव पुरदलपुर से करियामई तक लाखों रुपये की लागत से बनाई जा रही लिंक रोड निर्माण कार्य के दौरान ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। डामर रोड और गिट्टी हाथ से उखड़ रही है। घटिया सामग्री के इस्तेमाल से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को कार्यस्थल पर विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन

लगभग दो किलोमीटर लंबी इस सड़क का करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्सा बनकर तैयार हुआ है। वह जगह-जगह से टूटने लगी है। ग्रामीणों ने सड़क के हिस्से को हाथ से ही उखाड़कर विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि इसमें न तो मानकों के अनुरूप तारकोल का इस्तेमाल किया गया है और न ही गिट्टी की बाइंडिंग सही है। स्थिति यह है कि सड़क का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा बिना किसी मशीन के ही हाथों से उखड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण से पहले ही उन्होंने ठेकेदार और संबंधित विभाग से मांग की थी कि सड़क का काम मशीनों से कराया जाए, क्योंकि पूर्व में भी इसी तरह की औपचारिकता पूरी कर सड़क बनाई गई थी, जो कुछ ही दिनों में उखड़ गई थी। उस समय अवर अभियंता इंद्रपाल सिंह ने आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत करा दिया था, लेकिन फिर से उसी घटिया सामग्री का प्रयोग कर खानापूर्ति की जा रही है।
विज्ञापन

ग्रामीण सुम्मेरी मीना, ग्राम प्रधान पुरदलपुर राम खिलाड़ी, ग्राम प्रधान करियामई महेंद्र पाल सिंह समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क 10-12 गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। यदि निर्माण के दौरान ही सड़क की यह हालत है, तो बारिश के मौसम में इसका नामो-निशान नहीं बचेगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उच्च स्तरीय जांच कराकर सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो वे तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तकनीकी टीम गठित की जाए ताकि जनता के टैक्स के पैसों की बर्बादी को रोका जा सके।
मौके पर पहुंचे अवर अभियंता इंद्रपाल सिंह ने ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने का वादा किया है। उन्होंने दावा किया कि अब जो भी कार्य होगा, वह पूरी तरह मानकों के अनुरूप होगा और मानक के विपरीत किसी भी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें